शीतला माता मंदिर मेले की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा

ग्वालियर

ग्वालियर

स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सफाई व दर्शन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश, अफसरों के साथ किया निरीक्षण
ग्वालियर, 22 मार्च 2026। नवदुर्गा महोत्सव के तहत सातऊ ग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में लग रहे मेले की व्यवस्थाओं का कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार देर शाम निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शिवपुरी लिंक रोड से मंदिर तक नगर निगम द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइट और मार्ग के दोनों ओर की गई साफ-सफाई का जायजा लिया। सभी स्ट्रीट लाइट चालू मिलने पर संतोष जताते हुए उन्होंने विद्युत विभाग की टीम को निर्देश दिए कि खराब लाइटों को तुरंत बदला जाए। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय और जिला पंचायत सीईओ सोजन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित रहें। साथ ही श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के लिए बैरिकेडिंग और कतार व्यवस्था मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने शिवपुरी लिंक रोड से मंदिर तक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *