एक साथ लापता हुई दो सहेलियां को हरियाणा से सकुशल किया बरामद

डबरा/भितरवार

भितरवार

ग्वालियर जिले के भितरवार थाना क्षेत्र में 9 मार्च को एक साथ लापता हुई दो सहेलियों को पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से हरियाणा से सकुशल दस्तयाब कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों युवतियों को गुरुग्राम जिले के पटौदी थाना क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन से बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 5 की रहने वाली दो सहेलियां अचानक 9 मार्च की आधी रात को घर से लापता हो गई थीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने भितरवार थाने में अपरहण,गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें एक युवती नाबालिग थी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की।

इस पूरे अभियान को पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव के निर्देशन में संचालित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर एवं एसडीओपी जितेंद्र नगाइच के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा ने अपनी टीम के साथ विशेष कार्रवाई करते हुए मंगलवार को हरियाणा के गुरुग्राम जिले के पटौदी रेलवे स्टेशन पर दबिश दी, जहां से दोनों युवतियों को बुधवार देर रात सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों युवतियां फिलहाल सुरक्षित हैं और उनकी काउंसलिंग की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि मामला केवल गुमशुदगी , अपहरण का है या इसके पीछे किसी प्रकार का प्रलोभन अथवा अन्य कारण शामिल है।

इस कार्रवाई में भितरवार पुलिस की टीम ने तकनीकी और मानवीय संसाधनों का बेहतर उपयोग किया, जिसके चलते कम समय में सफलता मिली। पुलिस ने परिजनों को भी सूचना दे दी है और उनके चेहरे पर राहत साफ देखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों और युवाओं पर विशेष नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

भितरवार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है और इसे पुलिस की सक्रियता का अच्छा उदाहरण माना जा रहा है। इस कार्यवाही में एसएआई संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद कुशवाह, आरक्षक परवीन जाट, महिला आरक्षक श्रीदेवी की सराहनीय भूमिका रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *