नई दिल्ली
कॉमर्शियल सिलेंडर के 4000 वसूले जा रहे, उत्तराखंड में मेन्यू से 70 प्रतिशत फूड आइटम गायब
नई दिल्ली/भोपाल। अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग की वजह से देशभर में एलपीजी की किल्लत बढ़ती जा रही है। गैस सिलेंडर एजेंसियों के बार लम्बी लाइनें लगी हुई हैं। इसके अलावा गैस सिलेंडर कालाबाजारी भी होने लगी है। बिहार में घरेलू गैस सिलेंडर 1800 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश में कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में 4000 रुपए में बिक रहा है। इतना ही नहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक से होटलों और रेस्टोरेंट्स में इंडक्शन पर खाना बनाना शुरू कर दिया है।
गैस की सप्लाई प्रभावित होने के कारण कॉमर्शियल और घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। सरकार ने फूड डिपार्टमेंट के अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी हैं। कालाबाजारी रोकने के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं। गैस सिलेंडर की कमी के चलते लकड़ी और कोयले की भट्ठी की मांग बढ़ गई है। मेस और हॉस्टलों के लिए 35 से 40 किलो वजन की भट्टियां बनाई जा रही हैं, लेकिन बढ़ती मांग के कारण सप्लाई करना मुश्किल हो रहा है।
मप्र में 4000 रुपए में कॉर्मिशयल सिलेंडर
1,918 रुपए का कॉमर्शियल सिलेंडर भोपाल में ब्लैक में 4000 रुपए में बिक रहा है। भोपाल के बरखेड़ा पठानी में भारत गैस की एजेंसी पर खुलेआम 4 हजार में सिलेंडर बेचा जा रहा है। सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम को लागू किया है लेकिन कालाबाजारियों पर इसका असर नहीं पड़ा है। इस खेल में एक प्राइवेट गैस एजेंसी संचालक, कर्मचारी और दलाल भी शामिल हैं। इसके अलावा गैस की अवैध रिफिलिंग करने वाले भी मौके का फायदा उठा रहे हैं।
बिहार में 1800 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर
गैस सिलेंडर की किल्लत होने से इसकी कालाबाजारी बढ़ गई है। 918 रुपए का गैस सिलेंडर ब्लैक में 1700 से 1800 रुपए तक बेचा जा रहा है। वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जिसकी सामान्य कीमत 1910 रुपए है, ब्लैक में इसके 5000 रुपए तक वसूले जा रहे हैं।
यूपी में 1600 में सिलेंडर
देश में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के बीच इसके दाम भी आसमान छू रहे हैं। लखनऊ में दिन-दिनभर लाइन में खड़े रहने पर भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लोगों का दावा है कि इन सबके बावजूद 950 रुपए वाला सिलेंडर 1600 रुपए देने पर तुरंत मिल रहा है। कॉमर्शियल सिलेंडर भी 3500 रुपए में आसानी से उपलब्ध है।
पंजाब में 3500 रुपए में
पंजाब में कॉमर्शियल सिलेंडर मिलने बंद हो गए हैं, जबकि घरेलू सिलेंडरों के लिए भी बुकिंग में समस्या आ रही है। जंग से पहले जहां घरेलू सिलेंडर घरों में डिलीवर होता था, अब हालात ये हैं कि लोग एजेंसियों के सामने सिलेंडर लेकर लाइनों में खड़े हैं। फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल रही। जालंधर में लोग कॉमर्शियल सिलेंडर को ब्लैक में खरीदने को मजबूर हैं। यहां जो सिलेंडर पहले 1600 रुपए में मिलता था, वह अब 3500 रुपए का मिल रहा है। जबकि, सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारी बता रहे हैं कि एलपीजी की कोई समस्या नहीं है। उनके पास गैस का भरपूर भंडारण है।
