भितरवार/मोहना
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहना में रविवार को कायाकल्प अभियान के तहत फाइनल निरीक्षण किया गया। दो सदस्यीय जांच दल ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के साथ-साथ अस्पताल की साफ- सफाई, रिकॉर्ड संधारण, दवा वितरण व्यवस्था, प्रसूति कक्ष, लेबर रूम, ओपीडी, प्रयोगशाला,वार्ड प्रबंधन तथा बायोमेडिकल बेस्ट मैनेजमेंट जैसे बिंदुओं की बारीकी से जांच पड़ताल करने के साथ ही मरीज और उनके परिजनों से चर्चा कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। टीम ने अस्पताल स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक सुधार के बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया तथा कुछ आवश्यकता वाले बिंदुओं पर गुणवत्तापूर्ण सुधार हेतु सुझाव भी दिए।
राज्य स्तर से फाइनल असेसमेंट के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहना का निरीक्षण करने पहुंची टीम के निरीक्षण को लेकर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सकेत शर्मा एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पंचम सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से बताया गया कि कायाकल्प अभियान के अंतर्गत समय-समय पर अस्पतालों का मूल्यांकन किया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्वास्थ्य सेवाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रही है या नहीं। उन्होंने बताया कि करीब दो माह पूर्व भी इस अभियान के तहत जिला स्तर की टीम के द्वारा निरीक्षण हुआ था जिसके परिणाम सकारात्मक रहे। इसी के चलते रविवार को कायाकल्प अभियान की फाइनल असेसमेंट को लेकर राज्य स्तर से नियुक्त असेसर डॉ प्रदीप शर्मा और लक्ष्मी गर्ग अंतिम निरीक्षण के लिए आए हुए थे, जिसमें जांच दल को प्रारंभिक प्रतिक्रिया संतोषजनक मिली है। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, पुरसुता महिलाओं और बच्चों की देखभाल, दवा स्टॉक की उपलब्धता के साथ ही अस्पताल परिसर की समग्र व्यवस्था को विशेष रूप से परखा गया। टीम ने संबंधित स्टाफ से आवश्यक जानकारी ली और कुछ बिंदुओं पर शीघ्रता से कार्य करने के सुझाव भी दिए। इस दौरान सी एच सी विधायक प्रतिनिधि परमानंद मिश्रा से भी अस्पताल की व्यवस्थाओं के सुधार हेतु आवश्यक सुझाव लिए तो वही डॉ सत्यपाल सिंह, डॉ सतीश जाटव, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ सुरेंद्र सिंह राजपूत के अलावा अस्पताल के समस्त स्टाफ से भी अलग-अलग चर्चा टीम के जांच दल द्वारा की गई। इस अवसर पर राजकुमार नामदेव के अलावा मोहना नगर के कई गणमान्य नागरिक भी वहां मौजूद थे जिन्होंने टीम का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया।
