ग्वालियर
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की जयंती के अवसर पर शहर के छत्री मैदान में बुधवार को 11 बेटियों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। सामाजिक लोक जनआस्था ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन पार्षद मोहित जाट ने किया। समारोह में शहरवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही और सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में लाल जोड़े में सजी वधुएं और सूट-बूट में सजे दूल्हे आकर्षण का केंद्र बने रहे। बैण्ड-बाजों और डीजे की धुनों पर बारातियों ने जमकर नृत्य किया। “मेरे यार की शादी है” जैसे गीतों पर बारातियों और मेहमानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। शहरवासियों ने भी बारात का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर मकानों और दुकानों की छतों से पुष्पवर्षा की गई तथा आतिशबाजी कर बारातियों का स्वागत किया गया।
बारातियों के लिए शीतल पेयजल, चाय और नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर मशीनों के माध्यम से भी फूल बरसाए गए। जब दूल्हे छत्री मैदान पहुंचे तो वधु पक्ष ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मंच पर सभी जोड़ों की वरमाला की रस्म संपन्न कराई गई। विवाह की मुख्य रस्मों से पहले वर-वधु ने स्व. माधवराव सिंधिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात वेदपाठी ब्राह्मणों ने विवाह की सभी रस्में पूरे विधि-विधान से संपन्न कराईं। विदाई के समय भावुक माहौल बन गया। पार्षद मोहित जाट ने बेटियों को गले लगाकर विदा किया, जिससे उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर स्वामी समर्थतीर्थ महाराज ने कहा कि बेटियों का कन्यादान सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि एक साथ 11 बेटियों का विवाह कराना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह सेवा कार्य आगे बढ़कर 111 बेटियों तक पहुंचे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने कहा कि जिन बेटियों का आज विवाह हुआ है, उनके लिए यह जीवन का सबसे खुशी का दिन है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने भी इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई। इसमें सोने का मंगलसूत्र, नथ, तोड़िया, बिछिया, एलईडी टीवी, फ्रिज, पलंग, गद्दे, तकिए, चादर, अलमारी, कूलर, इंडक्शन, अटेची, गैस चूल्हा, मिक्सी, बर्तन सेट, ड्रेसिंग टेबल, किचन सेट, हाथ घड़ी, वॉशिंग मशीन, डिनर सेट, प्लास्टिक की कुर्सियां, वर-वधु के कपड़े, दीवार घड़ी और अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री शामिल थी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सत्यपाल जादौन, अशोक चौधरी, प्रदीप मुद्गल, सादिक भाई शानू, चंद्रप्रकाश खंडेलवाल, प्रवीण श्रीवास्तव, बजरंग सिंह सेंगर, गौरव कुशवाह, नीरज जैन, संतोष राठौर, पवन देशमुख, विमल जैन, अमित ठाकरे, जितेंद्र जायसवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, बबलू अग्रवाल, अभिनव राजौरिया, श्याम शर्मा, राहुल शर्मा, दीपक गुर्जर, सागर जायसवाल, ओमप्रकाश धानोल, नारायण प्रजापति, स्मृति सिंह, चेतना तोमर, सुनीता किरार, वंदना खटीक, सुशीला कुशवाह और गौरव कुलश्रेष्ठ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट मुरारीलाल मित्तल ने किया।
