इंदौर में हैवानियत की हद पार: पति ने पहली पत्नी को नग्न कर बनाया वीडियो,

राज्य

इंदौर

दूसरी पत्नी और सास भी शामिल, बाल काटे, मारपीट की और वीडियो बनाकर किया वायरल

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरखोदरा में एक व्यक्ति ने अपनी दूसरी पत्नी और सास के साथ मिलकर पहली पत्नी के साथ अमानवीय क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
आरोप है कि पति राजेश कटारे ने पहले से शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी कर ली थी। दूसरी शादी के बाद से ही वह अपनी पहली पत्नी को लगातार प्रताड़ित करने लगा। इस दौरान दूसरी पत्नी और उसकी मां ने भी उसका साथ दिया। पीड़िता को छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।

मामला 8 जनवरी का बताया जा रहा है, जब तीनों आरोपियों ने मिलकर पीड़िता के साथ बर्बरता की। पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, फिर उसके बाल काट दिए गए। इसके बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा और उन्होंने पीड़िता को निर्वस्त्र कर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।

वीडियो वायरल होने से खुला मामला

घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन डर और दबाव के कारण मामला सामने नहीं आ सका। 21 अप्रैल को आरोपी पति ने वही वीडियो पीड़िता के भाई को भेज दिया, जिसके बाद पूरी घटना का खुलासा हुआ। वीडियो में पीड़िता की हालत बेहद दयनीय दिखाई दे रही है और आरोपियों की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है। इसके बाद पीड़िता का भाई उसे लेकर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस कार्रवाई

मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद आरोपी पति राजेश कटारे, दूसरी पत्नी गौरी और सास राधाबाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *