दतिया।
पुलिस अधीक्षक दतिया के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना जिगना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने ग्राम सिकन्दरा में दबिश देकर ब्रांडेड कंपनी TATA के नाम से तैयार किए जा रहे नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (DEF) के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली DEF तैयार करने और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है।
नकली DEF बनाने की सामग्री और बकेट जप्त
गुप्त सूचना के आधार पर जब जिगना पुलिस ने सिकन्दरा स्थित ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की, तो वहां अवैध रूप से बड़े पैमाने पर ब्रांडेड कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर नकली DEF तैयार किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामग्री जप्त की है:
45 किलोग्राम यूरिया: 1 बोरी (नकली DEF तैयार करने के लिए)
1000 लीटर क्षमता का टैंक: 1 अदद (घोल तैयार करने हेतु)
खाली बकेट (बाल्टी): 190 नग
TATA DEF की खाली बकेट: 45 नग
प्लास्टिक कैप (ढक्कन): 105 नगइसके अलावा अन्य पैकेजिंग सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि यह अवैध कारोबार रहमत पुत्र इस्तियाक (निवासी ग्राम सिकन्दरा) द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
थाना जिगना पुलिस ने आरोपी रहमत के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम (Copyright Act) की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।
वाहनों के इंजन को पहुंच सकता था बड़ा नुकसान
ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर बाज़ार में बेचे जाने वाले इस तरह के नकली DEF के इस्तेमाल से वाहनों के महंगे कैटेलिटिक कनवर्टर और साइलेंसर असेंबली खराब होने का गंभीर खतरा रहता है। पुलिस की इस सतर्कता से न केवल कॉपीराइट उल्लंघन के अवैध कारोबार पर लगाम लगी है, बल्कि वाहन मालिकों को होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान से भी बचाया गया है।
