भिंड की राजनीति में बड़ा भूचाल: 15 केस वाले ‘हिस्ट्रीशीटर’ को BJP ने बनाया एल्डरमैन

भिंड

भिंड

फजीहत के बाद कलेक्टर का बड़ा एक्शन

भिंड (NEWS UPDATE):भिंड नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा की गई एक नियुक्ति ने पार्टी के अंदर ही बड़ा सियासी बवाल खड़ा कर दिया है। 15 आपराधिक मामलों में दर्ज नाम और पुलिस की हिस्ट्रीशीटर सूची में शामिल अजीत भदौरिया को एल्डरमैन मनोनीत किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में गहरा असंतोष है।

विवाद बढ़ने और शिकायतों के बाद भिंड के जिला कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने मामले की जांच कराई और नगरीय विकास एवं आवास विभाग को इस मनोनयन को तत्काल निरस्त करने की लिखित सिफारिश भेज दी है।

16वें नंबर पर दर्ज है हिस्ट्रीशीटर सूची में नाम

पुलिस सूत्रों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजीत भदौरिया पर विभिन्न थानों में कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उनका नाम पुलिस की सर्विलांस (निशानी/हिस्ट्रीशीटर) सूची में 16वें क्रमांक पर अंकित है।

अजीत भदौरिया पर नगर पालिका की फर्जी FDR बनाने के मामले में जेल जाने, हाट-बाजार की वसूली दबाने और पटरी वसूली की राशि जमा न करने जैसे गंभीर आरोप लंबित हैं।

अपनों ने ही खोला मोर्चा: पार्षद दशरथ सिंह भदौरिया ने की शिकायत

इस विवादित नियुक्ति के खिलाफ पार्टी के अंदर से ही सबसे तीखी आवाज उठी है। नगर पालिका चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रहे और वर्तमान पार्षद दशरथ सिंह भदौरिया ने पार्टी हाईकमान और जिला प्रशासन से लिखित शिकायत दर्ज कराई।

“अजीत भदौरिया ने अपने ऊपर दर्ज गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड को छिपाकर पार्टी नेतृत्व को गुमराह किया है। ऐसे व्यक्ति का एल्डरमैन बनना संगठन और नगर पालिका दोनों की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।”

— दशरथ सिंह भदौरिया (वर्तमान पार्षद, BJP)

पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह भी हमलावर

इस मामले में पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने भी खुलकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर खुद नगर पालिका से जुड़े वित्तीय घोटालों और गंभीर मामलों के आरोप हैं, उसे उसी संस्था में प्रशासनिक ताकत (एल्डरमैन) देना गलत नजीर पेश करता है। इससे चल रही निष्पक्ष जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *