करैरा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 19 हजार किलो लहान एवं 120 लीटर कच्ची शराब जप्त

शिवपुरी

शिवपुरी

जिले के करैरा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में गुड़ लहान नष्ट करने के साथ कच्ची शराब और उपकरण जब्त किए गए।
यह कार्रवाई कलेक्टर रविंद्र चौधरी एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर के निर्देशन में की गई। जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में वृत्त करैरा प्रभारी गौरव कुमार कोल की टीम ने फतेहपुर कंजर डेरा, गधाई चौराहा, न्यू अमोला सहित विभिन्न स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
छापामार कार्रवाई के दौरान 19 हजार किलो ग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। विभाग द्वारा नियमानुसार सैंपल लेकर शेष लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 120 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब, टंकियां, ड्रम एवं अन्य उपकरण जब्त किए गए। जब्त एवं नष्ट सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत 10 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज, उपनिरीक्षक लोकेश बेवरिया, आरक्षक गिरराज, सतीश, डोंगर सिंह, डालसिंह, रितिक, मुकेश तथा सैनिक सुमन जोशी, रीतू और दिलीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है

आज करैरा छेत्र में 19 हजार किलो ग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। इसके अलावा 120 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब, टंकियां, ड्रम एवं अन्य उपकरण जब्त किए गए है।
गौरव कुमार कोल वृत्त प्रभारी करैरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *