गुना में दिल्ली जैसा कांड: एनएफएल इंजीनियर को बंधक बनाकर मंगेतर से हैवानियत

राज्य

गुना

एबी रोड पर बाइक पंक्चर का झांसा देकर जंगल ले गए बदमाश

गुना (NEWS UPDATE): गुना जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एबी रोड (AB Road) पर बदमाशों ने एक एनएफएल (NFL) इंजीनियर को बंधक बनाकर उसकी मंगेतर के साथ दरिंदगी और सामूहिक दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती द्वारा कड़ा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ बर्बरता भी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता और उसके मंगेतर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर एसआईटी (SIT) समेत 5 टीमों का गठन किया है।

बाइक पंक्चर का झांसा देकर जंगल में खींच ले गए बदमाश

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय पीड़िता मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है और वर्तमान में झारखंड में कार्यरत है। वह गुना में एनएफएल में कार्यरत अपने इंजीनियर मंगेतर से मिलने आई थी।

गुरुवार शाम करीब 6 बजे दोनों बाइक से हनुमान टेकरी मंदिर के दर्शन करने गए थे। रात लगभग 8:30 बजे वापस लौटते समय एबी रोड पर हिलगना के पास पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने गाड़ी पंक्चर होने की बात कहकर उन्हें रुकवाया। जैसे ही मंगेतर ने बाइक रोकी, बदमाशों ने चाबी छीन ली और दोनों को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गए।

3 अन्य साथियों को बुलाया, मंगेतर को पीटकर युवती से बर्बरता

पुलिस एफआईआर (FIR) के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों के साथ डंडों से मारपीट की और उनकी बाइक तथा मोबाइल लूट लिए। इसके बाद एक बदमाश ने फोन करके अपने 3 और साथियों को बुला लिया।

तीन आरोपी मंगेतर को घसीटकर जंगल में दूर ले गए और मारपीट करते हुए बंधक बना लिया। बाकी तीन बदमाशों ने युवती के कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ बेहद बर्बरता की।

राहगीर की मुस्तैदी से बची जान, डायल 112 देखकर भागे आरोपी

जंगल से आ रही पीड़िता के चीखने-चिल्लाने की आवाज सड़क से गुजर रहे एक सजग राहगीर ने सुनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस की डायल 112 (Dial 112) गाड़ी साइरन बजाते हुए मौके पर पहुंची, तो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकले।

एसपी हितिका वासल ने खुद दर्ज कराई एफआईआर, एसआईटी गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने भी पीड़िता से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली और अपनी मौजूदगी में ही एफआइआर दर्ज कराई। एसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार से पांच अलग-अलग टीमें गठित की हैं, इसके अलावा एसआईटी भी गठित की गई है। पुलिस की टीमों ने शुक्रवार को दिनभर घटनास्थल के आसपास स्थित होटल, ढाबों व पेट्रोल पंपों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जिससे आरोपियों का सुराग मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *