Katni Woman Gangrape: कटनी में महिला से हैवानियत

राज्य

कटनी

ट्रेन छूटने पर मदद के बहाने जंगल ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म; एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी (NEWS UPDATE):कटनी के मुड़वारा स्टेशन पर ट्रेन छूटने के बाद मदद के नाम पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस ने 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मुड़वारा स्टेशन पर पानी लेने उतरी थी महिला, छूट गई थी ट्रेन

कटनी जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 14 जून की रात लगभग 9:45 बजे पीड़िता अपने बच्चों के साथ निजामुद्दीन से छत्तीसगढ़ जाने के लिए ट्रेन में सवार थी।

मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान महिला पानी लेने नीचे उतरी, लेकिन इसी बीच ट्रेन रवाना हो गई और वह अपने बच्चों से बिछड़ गई। स्टेशन पर अकेली और मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को देखकर एक ऑटो चालक ने मदद का झांसा दिया। आरोपी ने महिला को पास ही मंदिर दर्शन कराने का बहाना बनाकर ई-रिक्शा में बैठा लिया।

जंगल में ले जाकर बारी-बारी से किया था दुष्कर्म

आरोपी ऑटो चालक अपने एक साथी के साथ महिला को रीठी रोड स्थित पौसरा स्टेशन के पास सुनसान जंगल में ले गया। वहाँ दोनों आरोपियों ने महिला के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया और उसे बदहवास हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए थे।

15 जून की सुबह Dial-112 की सूचना पर रीठी पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया था।

दिल्ली में दर्ज हुई जीरो FIR, ऐसे खुला राज

मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण पीड़िता शुरुआत में पुलिस को कुछ नहीं बता सकी। पुलिस ने उसके भाई को सूचित किया, जो उसे इलाज के लिए दिल्ली ले गया।

दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल में इलाज के बाद जब महिला की स्थिति में सुधार आया, तब उसने अपने साथ हुई आपबीती भाई को बताई।

पीड़िता के बयानों के आधार पर दिल्ली के सफदरजंग साउथ थाने में Zero FIR दर्ज की गई, जिसे बाद में जांच के लिए कटनी पुलिस को ट्रांसफर किया गया।

900 ऑटो चालकों की जांच के बाद चढ़ा हत्थे

मामला एक महीने पुराना होने और कोई प्रत्यक्षदर्शी न होने के कारण कटनी पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुँचना बड़ी चुनौती था।

पुलिस कार्रवाई: कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में रीठी पुलिस ने जिले के लगभग 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की। पीड़िता द्वारा दिए गए ऑटो के हुलिए, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी तक पहुँची।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी दिनेश चौधरी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो (MP 21 ZJ 6903) को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *