दतिया से 485 किमी दूर इंदौर पहुंचा आरोपी प्रेमी,’शादी करेगी कि नहीं…?’

दतिया

दतिया/इंदौर 

किराए के मकान में बैंककर्मी पलक की हत्या कर शव को आग के हवाले किया

दतिया (NEWS UPDATE):आर्थिक राजधानी इन्दौर के तपेश्वरी बाग इलाके में हुई 26 वर्षीय बैंककर्मी पलक केशव हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।

5 साल पुराने रिश्ते में शादी से लगातार इनकार करने पर आरोपी प्रेमी मयंक शाक्य ने दतिया से 485 किलोमीटर का सफर तय कर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी ने मामले को हादसे की शक्ल देने के लिए कमरे में आग भी लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

​शादी से इनकार बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मयंक शाक्य और बैंककर्मी पलक केशव पिछले 5 सालों से रिलेशनशिप में थे। मयंक लगातार पलक पर शादी का दबाव बना रहा था, जबकि पलक बार-बार शादी के प्रस्ताव को ठुकरा रही थी। इसी बात से खुन्नस खाकर मयंक दतिया से बस पकड़कर सीधे इन्दौर में पलक के किराए के कमरे पर पहुंचा।

दोनों के बीच शादी को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर मयंक ने पलक का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

​वारदात को ‘हादसा’ बनाने के लिए रसोई गैस और पेट्रोल का सहारा

मयंक ने पलक की हत्या करने के बाद पूरी घटना को हादसे की शक्ल देने का प्लान बनाया क्योंकि वो पुलिस की गिरफ्तारी से डर रहा था। उसने पलक के कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया और फरार हो गया। पुलिस को कमरे की जांच के दौरान किचन का गैस बर्नर खुला मिला और सिर पर चोट के निशान भी पाए गए। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। अब पुलिस आरोपी मयंक को दतिया से इंदौर लेकर पहुंच चुकी है और उससे पूछताछ की जा रही है।

कमरे में जला मिला था पलक का शव

इंदौर के तपेश्वरी बाग क्षेत्र में रहने वाली 26 वर्षीय बैंककर्मी पलक केशव का शव उसके किराए के कमरे में मिला था। शव पूरी तरह झुलसा हुआ था। आसपास के रहवासियों ने दरवाजा तोड़ा, तब घटना की जानकारी मिली और पुलिस को सूचना दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

​आरोपी दतिया से गिरफ्तार

ठोस सबूत मिलने के बाद इन्दौर पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को इन्दौर लाया जा चुका है, जहां उससे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर कड़ाई से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *