गुना
खाकी हुई शर्मसार: बांसाहेड़ा चौकी प्रभारी का अर्धनग्न वीडियो वायरल
एसपी ने दिए जांच के आदेश; अवैध वसूली के आरोप भी चर्चा में
गुना (BREAKING NEWS)।जिले के मृगवास थाना अंतर्गत बांसाहेड़ा पुलिस चौकी एक बार फिर विवादों में घिर गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वायरल वीडियो में चौकी प्रभारी एएसआई जगदीश जाटव पुलिस चौकी परिसर के भीतर ही अर्धनग्न और आपत्तिजनक अवस्था में नजर आ रहे हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
चौकी परिसर में नशे में धुत होने का आरोप
वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब एएसआई जाटव चौकी के एक कक्ष में मौजूद थे। आरोप है कि वे शराब के नशे में इतने धुत थे कि उन्हें अपनी वर्दी और पद की गरिमा का भी ख्याल नहीं रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी चौकी प्रभारी पर अनुशासनहीनता के आरोप लगते रहे हैं।
अवैध वसूली और दबाव बनाने के आरोप
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि संबंधित अधिकारी पहले भी एनडीपीएस (मादक पदार्थ) मामलों में लोगों पर दबाव बनाने, डराने-धमकाने और अवैध वसूली जैसे आरोपों में घिरे रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, जनता में आक्रोश
ही वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुआ, मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया। घटना को लेकर आम लोगों में आक्रोश है और दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। इस घटनाक्रम ने पुलिस विभाग की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
इस मामले में पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गलत गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

