जबलपुर
स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा : प्रशासन ने फिलहाल किया सील
जबलपुर के मदन महल क्षेत्र में लिंक रोड लाड़ली पथ पर मंगलवार आधीरात नई शराब दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 1 अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही दुकानों की शिफ्टिंग के बीच मदन महल लिंक रोड (लाड़ली पथ) पर प्रस्तावित दुकान का इस मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों ने देर रात जमकर विरोध किया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने कर्मचारियों को वहां से भगा दिया और दुकान न खुलने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग मौके पर पहुंचा और समझाइश के बाद दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी शराब दुकान को लगभग आधा किलोमीटर दूर उस स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था, जहां पहले से ही कोचिंग सेंटर संचालित होता है। रात करीब 12 बजे जब दुकान शिफ्टिंग की जानकारी वहां रहने वालों को लगी तो देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना था कि यह बेहद शर्मनाक है कि जिस सड़क को कुछ दिन पहले ही समारोहपूर्वक लाड़ली पथ के रूप में विकसित करने की बात कही गई, उसी पर अब शराब दुकान खोली जा रही है। जब इसकी जानकारी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक पहुंचेगी, तो इसका क्या संदेश जाएगा ? स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया और शराब माफिया मिलकर इस इलाके का माहौल खराब कर रहे हैं। यह इलाके के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। लोगों ने साफ कहा कि किसी भी कीमत पर यहां दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। विरोध बढ़ता देख रात में ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सहायक आबकारी अधिकारी डीसी चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है और कलेक्टर के आदेश के बाद ही आगे निर्णय लिया जाएगा कि दुकान कहां संचालित होगी।
