गुना रेलवे ग्राउंड में शिवपुरी के युवक की संदिग्ध मौत शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र से जुड़े लोगों पर जताया संदेह

शिवपुरी

शिवपुरी

गुना के रेलवे ग्राउंड में सोमवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवपुरी के फिजिकल क्षेत्र निवासी राहुल प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने गुना रेलवे ग्राउंड में एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदि था।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

शिवपुरी निवासी राहुल के परिजनों का आरोप है कि वह पहले शिवपुरी स्थित प्रतिज्ञा नशा मुक्ति केंद्र में काम करता था। वहां देखरेख करने वाले कुछ लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का कहना है कि राहुल ने उन्हें इस संबंध में पहले भी जानकारी दी थी। अब उसकी लाश गुना में मिलने से उन्होंने आशंका जताई है कि उसके साथ अनहोनी की गई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

गुना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *