श्योपुर
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अर्पित वर्मा की उपस्थिति में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तर पर फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निर्वाचक नामावली की प्रतियां उपलब्ध कराई गई।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम अंतर्गत जारी कार्यक्रम अनुसार 21 फरवरी 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना था, जिस क्रम में आज जिले की दोनो विधानसभा क्षेत्र श्योपुर और विजयपुर के सभी 687 मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन अवसर पर एसडीएम गगन सिंह मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय जैन, भाजपा से श्री दिनेश दुबोलिया, कांग्रेस से श्री सुमेर सिंह पार्षद, बसपा से श्री मिश्रालाल बैरवा एवं श्री विकास कुमार बौद्ध, आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष श्री अनिल मीणा, इलेक्शन सुपरवाईजर श्री इमरान खान, श्री अखलाक मोहम्मद आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार आज एसआईआर अंतर्गत फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन सभी मतदान केन्द्रों पर कर दिया गया है, जिले के सभी 687 मतदान केन्द्रों पर फोटोयुक्त मतदाता सूची चस्पा कर दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि एसआईआर उपरांत श्योपुर जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 4 लाख 88 हजार 645 है, इसके अलावा 156 सेवा मतदाता भी है। जिले का ईपिक रेश्यो 56.89 प्रतिशत है तथा जेण्डर रेश्यो 887.92 है। उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं सहित अन्य शेष मतदाताओं के नाम जोडने की कार्यवाही की गई, जिसके माध्यम से 7 हजार 824 मतदाताओं के नाम जोडे गये है, जिनमें 3 हजार 943 पुरूष तथा 3 हजार 881 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार एसआईआर अंतर्गत मृत मतदाताओं सहित शिफ्टेड, रिपिटेड मतदाताओं के नाम हटाये गये है जिनकी संख्या 3 हजार 11 है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय जैन ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन अनुसार श्योपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 47 हजार 180 है तथा 53 सेवा मतदाता है। श्योपुर विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 29 हजार 239 पुरूष एवं 1 लाख 17 हजार 940 महिला मतदाता है। इसके अलावा 1 मतदाता थर्ड जेण्डर के रूप में दर्ज है। इसी प्रकार विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 41 हजार 465 है तथा 103 सेवा मतदाता है। यहां पुरूष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 29 हजार 450 तथा महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 12 हजार 14 है। थर्ड जेण्डर मतदाता की संख्या 01 है।
उन्होंने जानकारी दी कि मतदाता सूची में सर्वाधिक वोटर 30 से 39 वर्ष आयु समूह है, जिनकी संख्या 1 लाख 58 हजार 313 है। इसके पश्चात् 1 लाख 26 हजार 785 मतदाता 20 से 29 आयुवर्ग में है। 100 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं की संख्या भी 24 है। इसी प्रकार 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग में 6 हजार 828, 40 से 49 आयुवर्ग में 91 हजार 477, 50 से 59 आयुवर्ग में 58 हजार 852, 60 से 69 आयुवर्ग में 30 हजार 347, 70 से 79 आयुवर्ग में 12 हजार 943, 80 से 89 आयुवर्ग में 2 हजार 761 तथा 90 से 99 आयुवर्ग में 315 मतदाता शामिल है।
