पण्डोखर धाम महोत्सव मेले में आने वाले दुकानदारों को जगह , बिजली , पानी और भोजन व्यवस्था निःशुल्क रहेगी

दतिया
दतिया
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दतिया जिले के प्रसिद्ध तीर्थ पण्डोखर सरकार धाम में 2 अप्रैल से 22 अप्रैल तक आयोजित होने वाला 30वाँ पण्डोखर धाम महोत्सव ऐतिहासिक भव्यता और उत्साह के साथ सम्पन्न होने जा रहा है। पण्डोखर धाम पीठाधीश्वर त्रिकालदर्शी संत श्री गुरुशरण जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाला पण्डोखर धाम महोत्सव का ऐतिहासिक विशाल मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है , बल्कि यह क्षेत्रीय संस्कृति , परंपरा और सामाजिक समरसता का भी अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।
पण्डोखर धाम ट्रस्ट के संस्थापक ट्रस्टी मुकेश कुमार गुप्ता (सागर) ने उक्ताशय की जानकारी देते हुए बतलाया कि 30 वें पण्डोखर धाम महोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर हैं। महोत्सव के आयोजक पण्डोखर धाम ट्रस्ट के द्वारा श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। विशेष रूप से मेले में बाहर से आने वाले सभी दुकानदारों और झूले , चकरी, सर्कस , प्रदर्शनी , मौत के कुएं आदि के लिए इस बार भी सभी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं। श्री गुरुशरण जी महाराज के शिष्य व पण्डोखर धाम ट्रस्ट के सचिव मुकेश गुप्ता ने कहा कि मेले में बाहर से आने वाले सभी दुकानदारों और अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के उपक्रमों के लिए विगत वर्ष की तरह ही मेला स्थल पर पर्याप्त स्थान , बिजली , पानी और भोजन प्रसादी की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे छोटे व्यापारियों , स्थानीय कारीगरों और कला प्रदर्शकों को बड़ा प्रोत्साहन और आर्थिक लाभ मिलता है।
30 वें पण्डोखर धाम महोत्सव में देश विदेश के श्रद्धालु भक्त बड़ी संख्या में भाग लेंगे। श्री गुरुशरण जी महाराज स्वयं महोत्सव में भाग लेने हेतु साधु , संत , महात्माओं और विशिष्टजनों को आमंत्रित करने उन्हें आमंत्रण पत्र देने में व्यस्त हैं। गुरुशरण जी महाराज के शिष्यगण और आश्रम स्थित मंदिरों के सेवादार पुजारी भी आसपास के क्षेत्रीय ग्रामों के नागरिकों को महोत्सव में भाग लेने हेतु उन्हें पीले चावल के साथ आमंत्रण पत्र देने में व्यस्त हैं।
उल्लेखनीय है कि श्रीहनुमान जन्मोत्सव 2 अप्रैल से 22 अप्रैल तक चलने वाले महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान , भजन-कीर्तन , कथा-प्रवचन , सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है , जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन भी आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय रहता है। सुरक्षा , यातायात और स्वच्छता को लेकर विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं , ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
30 वें पण्डोखर धाम महोत्सव को लेकर क्षेत्र के नागरिकों और धाम के भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है , बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। इस बार का महोत्सव अपने भव्य स्वरूप और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के कारण निश्चित रूप से एक नई मिसाल कायम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *