ग्वालियर
जनसुनवाई में जमीन के मामलों से लेकर बिजली, नगर निगम और पुलिस से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं
ग्वालियर। अपनी समस्याओं के समाधान की आस लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे 121 आमजनों ने अधिकारियों के सामने अपनी फरियाद रखी। जनसुनवाई में जमीन संबंधी मामलों से लेकर बिजली, नगर निगम की बुनियादी सुविधाओं और पुलिस से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। अपर कलेक्टर सीबी प्रसाद एवं अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण की दिशा तय की।
जमीन संबंधी शिकायतों पर विशेष जोर
जनसुनवाई में राजस्व से जुड़े जमीन संबंधी मामलों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे। अधिकारियों ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर निगम अधिकारियों को भी तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
121 में 65 आवेदन दर्ज, 56 विभागों को सौंपे
जनसुनवाई में प्राप्त 121 आवेदनों में से 65 आवेदन दर्ज किए गए, जबकि शेष 56 आवेदन संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के लिए आवश्यक टीप के साथ भेजे गए। वहीं मदद की आस लेकर पहुंचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी कराई गई।
