डबरा/भितरवार/ग्वालियर
सड़क हादसे में इकलौते चिराग की मौत
हतेड़ा मोड़ पर भीषण हादसा, शादी में शामिल होने आया 22 वर्षीय युवक बना हादसे का शिकार; परिवार और गांव में पसरा सन्नाटा
डबरा/भितरवार/ग्वालियर(BIG BREAKING): ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से भरे माहौल को मातम में बदल दिया। ग्राम इटायल निवासी 22 वर्षीय मोनू राजे की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह अपने मौसी के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए भितरवार आया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, करैरा रोड स्थित हतेड़ा मोड़ पर मोनू राजे के साथ यह भीषण हादसा हुआ। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया और खुशी का माहौल पलभर में गम में बदल गया।
मोनू राजे अपने पिता पंचम राजे का इकलौता पुत्र था और परिवार का अकेला वारिस भी था। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर किया है, क्योंकि एक छोटी सी चूक ने एक परिवार का इकलौता सहारा छीन लिया।
