तहसील परिसर में छुट्टी के दिन चल रहा था जुआ, पुलिस ने 46 हजार नकदी और ताश की गड्डियां की जब्त
डबरा :
डबरा : जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील परिसर में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। इस कार्रवाई में डबरा एसडीएम का रीडर मनोज कुमार शर्मा सहित कुल 6 जुआरियों को मौके से पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, छुट्टी के दिन तहसील परिसर में जुए का खेल चल रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस ने सिटी थाना क्षेत्र में पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस टीम का नेतृत्व देहात थाना प्रभारी ट्रेनी आईपीएस मनोज कुमार ने किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे आरोपियों से करीब 46 हजार रुपए नकद, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी थाना पुलिस ने जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाएगी।
