दतिया
घरेलू विवाद में 55 वर्षीय शख्स ने लाइसेंसी रायफल से किया सुसाइड
दतिया (HRIDAY STAMBH): जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुरा में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने घरेलू विवाद और गुस्से में आकर अपनी ही लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मार ली।
घटना इतनी खौफनाक थी कि गोली लगते ही शख्स का भेजा बाहर आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
भाई के टोकने पर नाराज हुआ था शख्स
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जसराम गुर्जर (55), पुत्र मथुरा प्रसाद गुर्जर के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में मझला था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे जसराम नशे की हालत में मोहल्ले में हंगामा कर रहा था।
इसी दौरान उसके बड़े भाई संतोष गुर्जर ने उसे समझाने और रोकने की कोशिश की। भाई की टोकने से जसराम इस कदर नाराज हो गया कि उसने गुस्से में कहा— ‘तुम्हें मुझसे दिक्कत है न, तो मैं खुद को खत्म कर लेता हूं।’
परिजनों के सामने 315 बोर की रायफल से दागी गोली
जसराम घर के अंदर गया और अपनी 315 बोर की लाइसेंसी रायफल लेकर बाहर निकला। उसकी मानसिक स्थिति को भांपते हुए भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पकड़ने और रोकने का प्रयास किया। लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उसे काबू कर पाता, जसराम ने रायफल अपनी कनपटी पर रखकर ट्रिगर दबा दिया।
घटना का खौफनाक मंजर: गोली की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका गूंज उठा। गोली सीधे सिर के पार हो गई, जिससे जसराम का भेजा बाहर आ गया और वह उछलकर करीब 6 फीट दूर नाली में जा गिरा। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच और शुरुआती वजह
घटना की सूचना मिलते ही सेवढ़ा थाना पुलिस और एसडीओपी (SDOP) अजय चनाना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
“एसडीओपी अजय चनाना ने बताया कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता से जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
