ग्वालियर में लगेगा तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेला

ग्वालियर

ग्वालियर

29 से 31 मार्च तक मेला परिसर में आयोजन, डेमो के साथ उपकरणों की बिक्री भी होगी
ग्वालियर, 22 मार्च 2026। गर्मी के मौसम में बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में पहली बार तीन दिवसीय अग्नि सुरक्षा मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 29, 30 और 31 मार्च को ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित होगा, जिसमें नागरिकों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने रविवार को अधिकारियों की बैठक लेकर मेले की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया और आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, एडीएम सीबी प्रसाद, कमांडेंट होमगार्ड रिपुदमन सिंह, सहायक कमांडेंट कौशल शर्मा, एसडीएम अतुल सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर चौहान ने बताया कि यह मेला शासकीय न होकर जनसहभागिता से आयोजित जागरूकता अभियान होगा। इसमें समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जाएगा। 24 मार्च को विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव और सहयोग भी लिया जाएगा।
मेले में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन, डेमो और विक्रय की व्यवस्था रहेगी। विशेषज्ञों द्वारा उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, ताकि आम नागरिक आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव कर सकें। इसके लिए अन्य शहरों से भी विक्रेताओं और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि मेले में स्टॉल लगाने के इच्छुक वेंडर नगर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर और फायर ऑफिसर उमंग से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही होमगार्ड के प्रशिक्षित वॉलंटियर्स को भी इस मेले की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
प्रशासन का उद्देश्य है कि व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से जिले में अग्नि दुर्घटनाओं की घटनाओं को कम किया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *