शिवपुरी में टीआई से बदसलूकी करने वाले आरोपी का निकाला जुलूस, कोर्ट ने भेजा जेल

शिवपुरी

शिवपुरी

जिले के देहात थाना क्षेत्र में पुलिस ने लाइन में पदस्थ टीआई के साथ गाली-गलौज और उनकी कॉलर पकड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को मुख्य बाजार में जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी से ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ के नारे लगवाए गए। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर नेशनल हाईवे-46 पर शारदा सॉल्वेंट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक के हेल्पर विकास धाकड़ को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। उसी दौरान ड्यूटी पर जा रहे टीआई रवि शंकर कौशल वहां पहुंचे और भीड़ को समझाकर हेल्पर को बचाया। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव के दौरान एक युवक ने टीआई के साथ अभद्रता की और उनकी कॉलर पकड़ ली।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे मुख्य बाजार क्षेत्र में पैदल जुलूस के रूप में ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *