दर्दनाक हादसा दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 14 वर्षीय किशोर की मौत

शिवपुरी

शिवपुरी

जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में खनियाधाना–पिछोर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 14 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, सीएम राइज स्कूल और बुधना नदी के बीच यह हादसा उस समय हुआ, जब दोनों बाइकें तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बाइक पर सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल मदद शुरू की। डायल-112 एफआरबी 18 व 19 के चालक कंचन चौबे, नारायण सिंह यादव तथा आरक्षक जयवीर गुर्जर और आशीष राजपूत मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल खनियाधाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल अंशुल पुत्र रामनिवास प्रजापति (14) निवासी पोठयाई ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अंशुल अपने पिता को खेत पर खाना देकर वापस लौट रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार गोपाल पाल (27) और हरनाम पाल (45) निवासी पगरोदा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *