श्योपुर
ज्ञापन सौंपकर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
श्योपुर। शहर के शिवपुरी रोड़ स्थित स्टेडियम के बाहर जिला प्रशासन की दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को दोपहर 02 बजे श्योपुर तहसील के सभी पटवारियों ने कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि जब तक की गई विभागीय कार्यवाहियां वापस नहीं ली जातीं, तब तक काम बंद रहेगा। पटवारी संघ के अनुसार, तहसील में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक, यानी एक करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली की गई है। गिरदावरी और फसल पंजीयन जैसे कार्य भी समय-सीमा में पूरे किए गए। इसके बावजूद प्रशासन छोटी-छोटी बातों पर पटवारियों पर दबाव बना रहा है और बिना ठोस कारण के विभागीय जांच व वेतन वृद्धि रोकने जैसी कार्यवाहियां कर रहा है। संघ ने आरोप लगाया कि पटवारी अमरेश मीणा पर जलालपुरा ग्राम के मामले में नियम विरुद्ध तरीके से एक वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई। टवारियों का कहना है कि उक्त पटवारी ने अतिक्रमण चिन्हित कर करीब 56 हजार रुपए की वसूली भी कराई थी, फिर भी उन्हें दंडित किया गया। इसी तरह अन्य कई पटवारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। पूर्व में 18 से 20 फरवरी तक किए गए विरोध के बाद, पटवारियों ने बोर्ड परीक्षाओं और किसानों के हित में काम शुरू किया था। लेकिन प्रशासन के अड़ियल रवैये से नाराज होकर 16 मार्च से सभी पटवारियों ने अपने सरकारी बस्ते जमा कर दिए हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि काम तभी शुरू होगा जब सभी अनुचित आदेश निरस्त किए जाएंगे।
