एक बार फिर भितरवार ने रचा इतिहास, नवोदय के लिए 22 विद्यार्थियों का हुआ चयन

डबरा/भितरवार

भितरवार

शिक्षा के क्षेत्र में भितरवार विकासखंड ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। ओलंपियाड और एनएमएमएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में अभूतपूर्व सफलता के बाद अब नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में भी भितरवार के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपना परचम लहराया है।
नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के घोषित परिणामों में भितरवार विकासखंड के 22 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जो पूरे जिले में सर्वाधिक है। जिले के 6 विकासखंडों से कुल 80 विद्यार्थियों का चयन हुआ, जिसमें अकेले भितरवार से 22 बच्चों का चयन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि भितरवार के विद्यार्थी न केवल मेहनती हैं, बल्कि सही मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग से लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। इससे पहले ओलंपियाड और एनएमएमएस परीक्षा में भी यहां के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विकासखंड का नाम रोशन किया था।इस ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में जनपद शिक्षा केंद्र भितरवार द्वारा शीघ्र ही एक भव्य अभिनंदन महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर बीआरसीसी नरहरि मिश्रा ने कहा कि भितरवार विकासखंड के विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगातार ओलंपियाड, एनएमएमएस और अब नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि यहां का शैक्षणिक वातावरण निरंतर बेहतर हो रहा है। साथ ही बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने जिस लगन और अनुशासन के साथ तैयारी की, वह सराहनीय है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और आने वाले समय में भितरवार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा। श्री मिश्रा ने सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद शिक्षा केंद्र भितरवार द्वारा शीघ्र ही अभिनंदन समारोह आयोजित कर सभी प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। भितरवार की यह निरंतर सफलता न केवल क्षेत्र के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *