कटोरा ताल के पास 5 लाख की लूट: एक्टिवा सवार बदमाशों ने राजस्थान के प्लाईवुड व्यापारी को बनाया निशाना

ग्वालियर

ग्वालियर

शहर के कंपू थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा ताल के पास मंगलवार शाम एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। यहां एक्टिवा सवार दो अज्ञात बदमाशों ने राजस्थान से आए एक प्लाईवुड व्यापारी से करीब 5 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार फरियादी व्यापारी का नाम वासुदेव बताया गया है, जो राजस्थान का रहने वाला है और प्लाईवुड का कारोबार करता है। वह ग्वालियर में व्यापारिक लेनदेन के सिलसिले में आया हुआ था और बाजार से विभिन्न ग्राहकों से रकम वसूली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान वह शाम करीब 6 बजकर 6 मिनट पर कटोरा ताल स्थित एमएलबी कॉलेज के सामने पार्क में बैठा हुआ था।
इसी बीच काले रंग की एक्टिवा पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका पाकर व्यापारी के पास रखा रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जब तक व्यापारी कुछ समझ पाता, दोनों बदमाश तेजी से एक्टिवा से फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कंपू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शहर भर में नाकाबंदी कर काले रंग की एक्टिवा सवार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस वारदात ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उस समय जब बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस घटना को अंजाम दिया। व्यापारी वर्ग में भी इस घटना के बाद भय का माहौल देखा जा रहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *