गार्बेज शुल्क पर नगर निगम परिषद द्बारा पारित निर्णय को शीघ्र लागू किया जाए : एमपीसीसीआई म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री ने निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापन

ग्वालियर

ग्वालियर

मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (MPCCI) का प्रतिनिधिमण्डल आज नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय से मिला तथा एक ज्ञापन भेंट किया|
ज्ञापन में 29 दिसम्बर,2025 को नगर निगम परिषद द्बारा गार्बेज शुल्क की विसंगतियों को दूर करने हेतु पारित निर्णय को जल्द लागू करने एवं लागू होने तक गार्बेज शुल्क की वसूली को नहीं करने की मांग की गई| निर्णय लागू होने तक संपत्ति कर को गार्बेज शुल्क से अलग कर, संपत्ति कर की वसूली की जाए लेकिन गार्बेज शुल्क की जो दरें परिषद द्बारा 29 दिसम्बर को पारित की गई हैं, वही लागू की जायें| प्रतिनिधिमण्डल ने कहा कि यदि परिषद के निर्णय के इतर गार्बेज शुल्क की वसूली की जायेगी तो चेम्बर इसका विरोध करेगा|
इसके साथ ही, शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा को जोड़ने वाली पाटनकर बाजार से महाराज बाड़ा की सड़क का जल्द निर्माण कराया जाने की मांग की गई क्योंकि करोड़ों रूपये की लागत से महाराज बाड़े को सुंदर बनाया गया है लेकिन जब पर्यटक इस रोड से होकर महाराज बाड़ा पहुंचते हैं तो शहर की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है| इसके साथ ही, मृगनयनी शोरूम से गस्त के ताजिया तक रोड निर्माण, लक्कड़खाना पुल के चौड़ीकरण कार्य को प्रारंभ करने, महाराज बाड़ा पर निर्माणाधीन पार्किंग से छोड़े जा रहे पानी की समस्या पर, विक्की फैक्ट्री से चंद्रवदनी नाके तक जो सड़क निर्माण कार्य रूक गया है, उसको प्रारंभ करने तथा शहर की बंद स्ट्रीट लाइटों को लेकर निगमायुक्त महोदय से बिन्दुवार विस्तार से चर्चा की गई|
निगमायुक्त संघ प्रिय ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वस्त किया कि पाटनकर बाजार से दौलतगंज होते हुए महाराज बाड़ा मार्ग को 7 दिन में बना दिया जायेगा| आपने कहा कि इस मार्ग पर लीकेज की समस्या है, उसको दूर करते ही यह कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा| महाराज बाड़े पर बन रही पार्किंग से निकलने वाले पानी की समस्या का समाधान 7 मार्च तक कर दिया जायेगा| लक्कड़खाना पुल के चौड़ीकरण कार्य को जब प्रारंभ किया गया तो उसमें और कार्य करने की आवश्यकता महसूस हुई तो उसके लिए नया एस्टीमेट बनाकर उसकी स्वीकृति ले ली गई है| शीघ्र ही यह कार्य प्रारंभ हो जायेगा| मृनगयनी शोरूम से गस्त के ताजिया तक सड़क पर पेच वर्क कराया जायेगा| इसके साथ ही, शहर की स्ट्रीट लाइट पर आपने कहा कि जिस क्षेत्र की लाइटें बंद हैं, वह बंद नहीं होना चाहिए इससे आप अवगत करायें तो उन्हें चालू कराया जायेगा एवं संबंधित के विरूद्घ कार्यवाही की जायेगी| विक्की फैक्ट्री से चंद्रवदनी नाके तक सड़क निर्माण कार्य को अतिक्रमण हटाने के बाद प्रारंभ किया जायेगा|
प्रतिनिधिमण्डल में अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-हेमन्त गुप्ता, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष पारस जैन सहित कार्यकारिणी समिति सदस्य आशीष अग्रवाल, रामकुमार गोयल, दीपक श्रीचंद जैस्वानी, संजय अग्रवाल, अभिषेक चतुर्वेदी, विवेक बंसल, आशुतोष मिश्रा, सुशांत सिंघल आदि शामिल थे|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *