‘धुरंधर 2’ के यूट्यूब पर लीक होने को लेकर फैंस में नाराजगी

मनोरंजन

मुंबई

फिल्म ‘धुरंधर 2’ दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। इसी बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई, जब इसका लो-क्वालिटी पाइरेटेड वर्जन यूट्यूब पर लीक हो गया। इस घटना ने फिल्म प्रेमियों के बीच हलचल मचा दी और सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, एक यूट्यूब चैनल ने करीब 3 घंटे 49 मिनट लंबी पूरी फिल्म को अवैध रूप से अपलोड कर दिया था। इससे फिल्म के थिएटर रन और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, दर्शकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निर्देशक आदित्य धर को टैग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। कई यूजर्स ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की और इसे फिल्म इंडस्ट्री के लिए नुकसानदायक बताया।
एक यूजर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि फिल्म यूट्यूब पर लीक हो चुकी है और इस पर तुरंत शिकायत दर्ज कराई जानी चाहिए। उसने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि इसकी सिनेमैटोग्राफी और कहानी बेहद प्रभावशाली है और वह चाहता है कि यह फिल्म 3000 करोड़ रुपये तक का कारोबार करे। सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ती शिकायतों के बाद संबंधित वीडियो को यूट्यूब से हटा दिया गया। मालूम हो कि इसका पहला भाग भी बिना ज्यादा प्रचार के शानदार सफलता हासिल कर चुका था, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म की मजबूत पकड़ बनाई। फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सफलता में अहम भूमिका निभा रही है।
अर्जुन रामपाल मेजर इकबाल के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि संजय दत्त एसपी चौधरी असलम की भूमिका निभा रहे हैं। आर माधवन अजय सान्याल के रूप में दिखाई देते हैं और राकेश बेदी जमीला जमाली के किरदार में नजर आते हैं। नई और अनुभवी कलाकारों का यह संयोजन फिल्म को और भी प्रभावशाली बनाता है। बता दें कि ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के पहले दिन से ही शानदार प्रदर्शन किया है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर इतिहास रच दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *