दतिया
एक युवक ने शेयर मार्केट ट्रेडिंग का झांसा देकर अन्य युवक से 15 लाख रुपए की ठग लिए। आरोपी ने छोटा बाजार निवासी एक युवक से आरोपी ने नकद और बैंक खातों के माध्यम से बड़ी रकम ऐंठ ली। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले की जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का अपराध पाए जाने पर शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, छोटा बाजार भोड़ेले की गली निवासी सोनू पुत्र सुभाष मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उसका परिचित प्रांकुर साहू उर्फ सोमू उर्फ राज साहू, जो वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है। उसने होटल में बुलाकर शेयर मार्केट ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में पारिवारिक परेशानी बताकर 50 हजार रुपए डलवाए गए। इसके बाद अलग–अलग तारीखों में होटल में बुलाकर लाखों रुपए लिए गए। पीड़ित के अनुसार उसके खाते और दोस्तों के खातों से करीब 15 लाख रुपए आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। आरोप है कि पैसे देने का सिलसिला धमकी और दबाव में चलता रहा। बीच में कुछ रकम लौटाई गई, लेकिन अधिकांश पैसा वापस नहीं किया। जब लगातार रकम लौटाने की मांग की गई तो आरोपी, उसकी बहन और मां द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। मानसिक तनाव के चलते पीड़ित ने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
जांच के दौरान पीड़ित और आरोपी के बैंक खातों के स्टेटमेंट खंगाले गए, जिनसे लेनदेन की पुष्टि हुई। शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर में कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।
