आष्टा में भाजपा विधायक के बेटे ने पूर्व पार्षद को घर में घुसकर पीटा

राज्य

सीहोर 

घर में मौजूद महिलाओं के साथ की अभद्रता
वाइरल वीडियो ने खोल दी पोल
सीहोर जिले के आष्टा क्षेत्र में भाजपा विधायक के बेटे और पूर्व पार्षद के बीच विवाद का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है। आरोप है कि आष्टा से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के पुत्र और वार्ड 11 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर देर रात कथित रूप से नशे की हालत में पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय के घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट करते हुए धमकियां दीं। घटना के दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, देर रात बाबूलाल मालवीय के घर के बाहर आहट सुनाई दी। उनकी बेटी जब बाहर देखने के लिए निकली तो आरोप है कि महेंद्र सिंह इंजीनियर उसके पीछे-पीछे घर के अंदर घुस आए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हाथापाई की स्थिति बन गई। परिवार के अन्य सदस्य और महिलाएं बीच-बचाव करने आईं, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। घटना की सूचना मिलने पर आष्टा पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र सिंह इंजीनियर को पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई।
दूसरी ओर, महेंद्र सिंह इंजीनियर ने भी अपनी ओर से शिकायत दर्ज कराते हुए बाबूलाल मालवीय सहित चार लोगों पर मारपीट और विवाद करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर के अंदर विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं महेंद्र सिंह इंजीनियर का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप गलत हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *