33 केवी लाइन पर काम कर रहे मजदूर की खंभे से गिरकर मौत, परिजनों का हंगामा, पुलिस ने किया मार्ग कायम

डबरा/भितरवार

भितरवार

ग्वालियर जिले के भितरवार अनुभाग अंतर्गत ग्राम धाकड़ खिरिया में शुक्रवार दोपहर को उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब 33 केवी बिजली लाइन पर काम कर रहा एक मजदूर खंभे से गिर गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर ठेकेदार काशीराम कुशवाह के खिलाफ नाम दर्ज मामला दर्ज कराने को लेकर थोड़ा हंगामा किया तथा ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। वही थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाहा की समझाइश के बाद परिजन माने और मार्ग कायम कर पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगमी कार्यवाही का भरोसा दिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान *बंटी जाटव (35 वर्ष)* निवासी ग्राम खेरा टांका के रूप में हुई है। बताया गया है कि बिजली विभाग के अंतर्गत ठेके पर चल रहे कार्य में बंटी जाटव व अन्य मजदूरों के साथ 33 केवी लाइन पर मरम्मत का काम कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली के खंभे पर चढ़ा हुआ था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा।

खंभे से गिरने के कारण बंटी जाटव को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद साथियों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत भितरवार अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और बाद में थाने पहुंच गए।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था। उनका कहना है कि यदि हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो शायद यह हादसा नहीं होता। परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

घटना के बाद आक्रोशित परिजन भितरवार थाने पहुंच गए और वहां हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी और मामले में उचित जांच तथा कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए।

भितरवार थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मजदूर से काम कराते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मृतक बंटी जाटव अपने परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *