एमपीसीटी कॉलेज से गूंजा स्वच्छता का संकल्प, छात्रों ने लिया नंबर-1 ग्वालियर बनाने का प्रण

ग्वालियर

ग्वालियर

सांसद भारत सिंह कुशवाह बोले—घर के साथ शहर की सफाई भी हमारी जिम्मेदारी; हर छात्र बनेगा स्वच्छता दूत

शहर को स्वच्छता में अव्वल बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता संवाद अभियान के तहत एमपीसीटी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और स्टाफ ने भाग लेकर ग्वालियर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता संवाद को संबोधित करते हुए सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारी जहां एक ओर मेहनत से सफाई करते हैं, वहीं आमजन द्वारा दोबारा कचरा फैलाने से स्थिति बिगड़ती है। यदि हम अपने घर की तरह गली-मोहल्लों को भी साफ रखें, तो शहर को स्वच्छ बनाना आसान हो जाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में स्वच्छता को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है और अब इसे और आगे बढ़ाने की जरूरत है।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि शहर से प्रतिदिन लगभग 600 टन कचरा निकलता है, जिसमें से करीब 250 टन कचरा ही नियमित रूप से उठाया जा पाता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित टिपर वाहनों में ही डालें, ताकि शहर में कचरा ठिकाने खत्म किए जा सकें।
एमपीसीटी कॉलेज के संचालक नरेंद्र सिंह धाकरे ने कहा कि कॉलेज का हर छात्र अब अपने क्षेत्र में स्वच्छता दूत बनकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी है और हर घर से कचरे का पृथक्करण होना चाहिए।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, पारस जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्वच्छता संवाद के माध्यम से युवाओं में जागरूकता का संदेश प्रसारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *