शिवपुरी
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटीबीपी दूरसंचार वाहिनी, शिवपुरी में महिला सशक्तिकरण और सम्मान को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों, उनके अधिकारों और समाज के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती स्मिता वेरुलकर एवं श्रीमती पपीता मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी पैरामिलिट्री बलों में कार्यरत महिला कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएँ प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान और रक्षा जैसे क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। विमान संचालन से लेकर अंतरिक्ष तक महिलाएँ अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स जैसी महिलाओं की उपलब्धियाँ आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर महिला कर्मियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया तथा सभी को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
