IPL 2026: अजेय पंजाब किंग्स से होगी कड़ी भिड़ंत
मुंबई: आईपीएल के इस सीजन में अब तक निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली मुंबई इंडियंस के लिए अब ‘करो या मरो’ की स्थिति बन गई है। बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई का सामना शानदार फॉर्म में चल रही और अब तक अजेय पंजाब किंग्स से होगा। मुंबई की कोशिश इस मैच को जीतकर अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने की होगी।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर सस्पेंस
आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर जाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फिटनेस टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है। हालांकि, बुधवार शाम को रोहित ने वानखेड़े स्टेडियम पहुंचकर हल्का अभ्यास किया, जिससे प्रशंसकों को थोड़ी राहत मिली है। गौरतलब है कि वह मंगलवार को टीम के आधिकारिक अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए थे। मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी समस्या पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) का प्रदर्शन रहा है। टीम न तो गेंदबाजी में और न ही बल्लेबाजी में इस महत्वपूर्ण चरण का फायदा उठा पा रही है पिछले चार मैचों में मुंबई के गेंदबाज पावरप्ले में केवल 3 विकेट ही चटका पाए हैं।
बुमराह का सूखा: स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चार मैचों के बाद भी विकेट का खाता नहीं खोल पाए हैं, जो टीम के लिए चिंताजनक है।
अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण विफल: ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पंड्या जैसे अनुभवी नामों के बावजूद विपक्षी बल्लेबाजों पर लगाम कसने में टीम नाकाम रही है।
मध्यक्रम पर बढ़ता दबाव
पावरप्ले में खराब शुरुआत का सीधा असर मुंबई के मध्यक्रम पर पड़ रहा है।
बल्लेबाजी विभाग में भी चुनौतियां कम नहीं हैं:
सूर्यकुमार यादव: टी20 कप्तान ने एक अर्धशतक जरूर जड़ा है, लेकिन उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है।
तिलक वर्मा की खराब फॉर्म: तिलक का प्रदर्शन अब तक बेहद फीका रहा है। उन्होंने पिछले चार मैचों में क्रमशः 20, 0, 14 और 01 रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स की अनुपलब्धता ने टीम के संतुलन को और बिगाड़ दिया है।
पंजाब किंग्स की चुनौती को देखते हुए मुंबई के लिए राह आसान नहीं होगी। अगर मुंबई को टूर्नामेंट में बने रहना है, तो उसे अपनी रणनीतियों में बदलाव कर सामूहिक प्रदर्शन करना होगा। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या रोहित शर्मा अंतिम एकादश (Playing XI) का हिस्सा बनते हैं या नहीं।
टीम इस प्रकार हैं
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडे, मो. इज़हार, रघु शर्मा।
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), विष्णु विनोद (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, कूपर कोनोली, मार्को यानसन, मुशीर खान, मिशेल ओवेन, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, बेन द्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विशाल निशाद, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर।
