मुंबई। हाल ही में एक अवॉर्ड शो के दौरान अभिनेता राजपाल यादव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले में बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान ने खुलकर राजपाल यादव का समर्थन किया है।
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक प्रतिष्ठित अवॉर्ड समारोह के दौरान शो के होस्ट ने राजपाल यादव के पुराने कानूनी मामले का जिक्र करते हुए उन पर तंज कसा। होस्ट ने मज़ाक में कहा, “डॉलर का रेट चाहे जितना ऊपर-नीचे हो जाए, आपको पैसे तो उतने ही वापस करने हैं।” इस टिप्पणी को सोशल मीडिया और फिल्मी जगत में अनुचित, अपमानजनक और असंवेदनशील बताया गया।
इस घटना के बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा पोस्ट साझा किया। उन्होंने राजपाल यादव के तीन दशकों के करियर की सराहना करते हुए लिखा कि वे लगातार इसलिए काम पा रहे हैं क्योंकि वे अपने काम में बेहतरीन हैं और हर फिल्म में अपनी अलग वैल्यू जोड़ते हैं।
सलमान ने आगे कहा कि “काम आपको मिलता रहेगा और इसी डॉलर रेट पर मिलता रहेगा। कभी-कभी लोग बहाव में कुछ कह जाते हैं, लेकिन इन बातों को दिल पर नहीं लेना चाहिए। दिल से काम करते रहो, डॉलर ऊपर हो या नीचे, इससे क्या फर्क पड़ता है।” उनके इस बयान को होस्ट की टिप्पणी का सीधा जवाब माना जा रहा है।
उन्होंने राजपाल यादव को नकारात्मक टिप्पणियों को नजरअंदाज कर अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। सलमान के इस समर्थन को इंडस्ट्री में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां आपसी सम्मान और संवेदनशीलता पर चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि राजपाल यादव के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में चेक बाउंस का मामला चल रहा है। वर्ष 2010 में उन्होंने अपनी फिल्म अता-पता लापता के निर्माण के लिए एक कंपनी से करीब पांच करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म के असफल रहने के बाद भुगतान में देरी हुई, जिससे कई चेक बाउंस हो गए और उनके खिलाफ नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत मामला दर्ज किया गया।
सलमान खान का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के सम्मान और संवेदनशील व्यवहार को लेकर बहस जारी है

