कार्रवाई के बाद भी बेखौफ खनन माफिया, सिंध नदी में जारी खेल

ग्वालियर

ग्वालियर

तीन पंडुब्बियां नष्ट, 5760 घन मीटर रेत जब्त; फिर भी नहीं थम रहा अवैध उत्खनन
डबरा तहसील अंतर्गत सिंध नदी में रेत के अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बावजूद खनन माफिया के हौसले पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं। दो दिनों में तीन पंडुब्बियां नष्ट करने और 5760 घन मीटर रेत जब्त करने जैसी बड़ी कार्रवाई के बाद भी क्षेत्र में अवैध खनन जारी रहना गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा शनिवार और रविवार को लगातार अभियान चलाया गया। इस दौरान चांदपुर के पास सिंध नदी में अवैध उत्खनन में लगी तीन पंडुब्बियों को नष्ट किया गया। साथ ही 20 फुट लंबे 10 लोहे के पाइप और 15 ड्रम जब्त किए गए। इसके अगले दिन पुनः कार्रवाई कर अवैध रूप से भंडारित 5760 घन मीटर रेत को कब्जे में लिया गया।
कार्रवाई में एसडीएम डबरा रूपेश रतन सिंघई, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव, तहसीलदार दिव्यदर्शन शर्मा, नायब तहसीलदार मस्तराम सिंह गुर्जर, लाल सिंह राजपूत सहित राजस्व अमला, एसडीआरएफ और पुलिस बल मौजूद रहा।
इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियां थम नहीं रही हैं। जानकारों का कहना है कि भारी मुनाफे और मजबूत नेटवर्क के चलते माफिया बार-बार सक्रिय हो जाता है और प्रशासनिक कार्रवाई का असर ज्यादा समय तक नहीं टिक पाता।
प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रखने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दावा किया है, लेकिन मौजूदा हालात बताते हैं कि सिंध नदी में खनन माफिया पर पूरी तरह लगाम लगाना अभी भी चुनौती बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *