ग्वालियर
1.82 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, सड़क-नाली व सामुदायिक भवनों से बदलेगी तस्वीर
ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को वार्ड क्रमांक-6 अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में 1 करोड़ 82 लाख रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उपनगर ग्वालियर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास की यह रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए बिरला नगर प्रसूतिगृह, सिविल अस्पताल हजीरा तथा दीनदयाल औषधालय लधेड़ी में विस्तार कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही एलीवेटेड रोड निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने बताया कि राठौर चौक से सागरताल रोड तक का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा।
इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण से जुड़े कई कार्यों की शुरुआत की गई। इनमें स्वरूप बैश के निवास से पुलिस चौकी तक नाला निर्माण, व्हीएस तोमर के मकान से हेतराम बाथम के मकान तक सीसी रोड व नाली निर्माण, मुन्ना ढोल वाली गली में सीसी रोड एवं नाली निर्माण सहित विभिन्न गलियों में सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा कुशवाह मोहल्ला, पप्पू रजक वाली गली, जगनापुरा क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे। साथ ही डुढैल वाली माता मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, उचाडिया बाबा मंदिर और सत्यनारायण चबूतरा क्षेत्र में सामुदायिक भवनों का निर्माण भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम में अशोक शर्मा, महेश भदौरिया, दीपक मांझी, हेतराम मांझी, कृष्ण राव दीक्षित, धीरू यादव, राकेश मांझी, भगवानदास मांझी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

