ग्वालियर
सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ शुभारंभ, पद्मश्री सत्येंद्र लोहिया ने लगाई पहली छलांग
नगर निगम ग्वालियर द्वारा संचालित तरण पुष्कर (स्विमिंग पूल) के नवीन तैराकी सत्र का शुभारंभ गुरुवार को हनुमान जयंती के अवसर पर सुंदरकांड पाठ के साथ विधि-विधान से किया गया।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार, सभापति मनोज तोमर, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पैरा तैराक एवं पद्मश्री सत्येंद्र लोहिया ने स्विमिंग पूल में पहली छलांग लगाकर तैराकी सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया।
महापौर डॉ. सिकरवार ने कहा कि तैराकी से शरीर के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है और युवाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए। पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने स्विमिंग पूल के रखरखाव को सभी की जिम्मेदारी बताया।
पद्मश्री लोहिया ने कहा कि दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने निगम प्रशासन से दिव्यांगों के लिए विशेष तैराकी सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया।
नोडल अधिकारी खेल बृजकिशोर त्यागी ने बताया कि तैराकी के बैच सुबह 6 से 10 बजे एवं शाम 5 से 8 बजे तक संचालित होंगे तथा प्रत्येक बैच 45 मिनट का रहेगा। तैराकों को निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित रहने और स्विमिंग कॉस्ट्यूम अनिवार्य रूप से लाने की सलाह दी गई है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक खेल अधिकारी विजेता सिंह चौहान ने किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन अनिल सांखला द्वारा किया गया।
