मिचेल मार्श ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकार्ड पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में पहुंचे दूसरे पायदान पर

खेल

नई दिल्ली 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को एकतरफा अंदाज़ में हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम एडम जैम्पा की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम सिर्फ 104 रन पर सिमट गई। ओमान के बल्लेबाज 16.2 ओवर में ही पवेलियन लौट गए, जिसमें जैंपा की लगातार विकेट लेने वाली गेंदों ने बड़ा असर दिखाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान मिचेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों पर नाबाद 64 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 4 लंबे छक्के शामिल रहे। खास बात यह रही कि मार्श ने अपने 64 में से 53 रन पावरप्ले में ही बना दिए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
मार्श ने इस दौरान पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पावरप्ले में 51 रन बनाए थे। इस सूची में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल और ईशान किशन भी शामिल हैं, जिन्होंने पावरप्ले में धमाकेदार शुरुआत दिलाई थी। किशन ने इसी संस्करण में नामीबिया के खिलाफ पावरप्ले में अर्धशतक जमाया था।
हालांकि पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब भी डच बल्लेबाज स्टीफन मायबर्ग के नाम है, जिन्होंने 2014 में आयरलैंड के खिलाफ पहले 6 ओवर में 57 रन बनाए थे। पिछले 12 वर्षों में कोई भी बल्लेबाज इस रिकॉर्ड के करीब नहीं पहुंच पाया है। ऑस्ट्रेलिया ने 105 रनों का लक्ष्य रिकॉर्ड 9.4 ओवर में हासिल कर अपने कैंपेन का समापन धमाकेदार जीत के साथ किया।

T20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले में किसी खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर
57 – स्टीफन मायबर्ग (विरुद्ध आयरलैंड, 2014)
53 – मिचेल मार्श (विरुद्ध ओमान, 2026)*
51 – रोहित शर्मा (विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, 2024)
50 – केएल राहुल (विरुद्ध स्कॉटलैंड, 2021)
50 – ईशान किशन (विरुद्ध न्यूजीलैंड, 2026)
49 – क्विंटन डी कॉक (विरुद्ध इंग्लैंड, 2024)
49 – स्टीफन मायबर्ग (विरुद्ध दक्षिण अफ्रीका, 2014)
49 – जेसन रॉय (विरुद्ध न्यूजीलैंड, 2016)
48 – क्रिस गेल (विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया, 2009)
48 – एम जयवर्धने (विरुद्ध ज़िम्बाब्वे, 2010)
47 – शरजील खान (विरुद्ध न्यूजीलैंड, 2016)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *