शिवपुरी
शिवपुरी में शुक्रवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने शिवपुरी पहुंचकर 17 मार्च से 24 मार्च तक आयोजित 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अंतर्गत लगाए गए वृहद स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों मंत्रियों ने शिविर में उपस्थित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हेल्पडेस्क पर दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों से बातचीत की तथा शिविर में संचालित विभिन्न जांच एवं उपचार बसों का भी निरीक्षण किया।
खाद्य मंत्री ने दंत परीक्षण बस सहित अन्य इकाइयों का निरीक्षण करते हुए डॉक्टरों और स्टाफ को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले किसी भी मरीज को परेशानी न हो और उसे बिना भटके सभी आवश्यक सेवाएं समय पर मिलें। उन्होंने बड़ौदी क्षेत्र से आई महिलाओं से संवाद कर शिविर की व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया।
इस दौरान मंत्रियों ने एक्स-रे एवं मुख कैंसर जांच बस का निरीक्षण करते हुए वालेंटियर्स को निर्देश दिए कि वे लगातार सक्रिय रहकर मरीजों की सहायता करें और उन्हें सही स्थान तक पहुंचाने में सहयोग करें। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारियों से भी चर्चा की गई।
मेडिकल कॉलेज का भी किया निरीक्षण
मंत्रियों ने मेडिकल कॉलेज शिवपुरी का संयुक्त रूप से भ्रमण कर शिविर से रेफर होकर आने वाले मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने पांचवीं मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थियेटर कॉम्पलेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान एक मरीज द्वारा जांच संबंधी शिकायत किए जाने पर मंत्रियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित मरीज के समुचित उपचार एवं इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन, श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3053 के संयुक्त तत्वावधान में यह वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
