भितरवार
पारंपरिक हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा कर सकते हैं : चेतना भार्गव
भितरवार : नगर के SITM पब्लिक स्कूल में होली का पर्व इस बार विशेष संदेश के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और बच्चों की खुशियों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। बच्चों को बताया गया कि पारंपरिक हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर हम पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा कर सकते हैं। साथ ही पानी की बचत करते हुए सूखी होली खेलने का संदेश भी दिया गया। इस पहल को बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनाया।
इसके बाद विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। छोटे-छोटे विद्यार्थियों की मस्ती और खिलखिलाहट ने माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया। कई बच्चों ने होली पर आधारित गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ भी पीछे नहीं रहा। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ मिलकर होली खेली और जमकर ठुमके लगाए। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच का यह आत्मीय माहौल सभी के लिए यादगार बन गया। विद्यालय प्रबंधक रविन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें सामाजिक व पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य चेतना भार्गव ने अपने संदेश में कहा कि होली खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है, जिसे हमें सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से मनाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को रासायनिक रंगों और पानी की बर्बादी से दूर रखें तथा प्राकृतिक गुलाल के उपयोग को बढ़ावा दें।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को होली की शुभकामनाएं दी गईं पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। SITM पब्लिक स्कूल की यह पहल न केवल रंगों की खुशियां लेकर आई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी दे गई। इस मौके पर
मैनेजमेंट डायरेक्टर दीपेश भार्गव, प्राचार्य चेतना भार्गव वाइस प्रिंसिपल सरिता पाल, राकेश शिवहरे, गिरजेश तिवारी, अंजली पाराशर, शिवानी शर्मा,संभव जैन , अजीत खान, कमल सिंह, सतेन्द्र यादव, रामप्रकाश पवैया, सुमन भार्गव, अपेन्द्र राणा, दीप्ति अग्रवाल, वर्षा रावत,, आरती त्रिपाठी, सलोनी रावत, रीनू गौड़, यामिनी साहू सहित सैकड़ों बच्चे अभिभावक नगरवासी उपस्थित रहे
