तालाब में डूबा युवक , तीन घंटे की मशक्कत के बाद भी नहीं मिला सुराग।

शिवपुरी

शिवपुरी

शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे एक युवक के तालाब में डूब जाने से हड़कंप मच गया। घटना शिवपुरी-श्योपुर हाईवे किनारे बने एक नवनिर्मित तालाब की है। डूबे युवक की पहचान 29 वर्षीय रंजीत धानुक पुत्र स्वर्गीय ब्रजमोहन धानुक, निवासी किला पोहरी के रूप में हुई है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रंजीत अपने पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे कान्हा के साथ तालाब पर गया था। बताया जा रहा है कि वह नहाने के उद्देश्य से तालाब में उतरा और तैरते हुए लगभग आधा तालाब पार कर चुका था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद बच्चे ने रंजीत को पानी में समाते देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाद में बचाव कार्य के लिए एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया।
एसडीईआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे तक तालाब में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक रंजीत का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। तालाब की गहराई और कीचड़ के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थी।
प्रशासन की ओर से बचाव अभियान जारी रहने की बात कही गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *