भितरवार
तहसील के बामरोल गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेशकीमती सैकड़ों बीघा शासकीय गोचर भूमि को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया है। कलेक्टर के निर्देशन पर एसडीएम राजीव समाधियां के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह अब तक की सबसे बड़ी राजस्व कार्रवाई मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बामरोल गांव की गोचर भूमि पर लंबे समय से एक दर्जन दबंग कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। भूमि पर सरसों, गेहूं और चना की फसल खड़ी थी। मामले की शिकायतें लगातार प्रशासन तक पहुंच रही थीं, जिसके बाद कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन पर एसडीएम राजीव समाधियां ने राजस्व और पुलिस अमले के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कराई।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके पर ही अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। एसडीएम की निगरानी में खड़ी फसल को कटवाया जा रहा है, ताकि भूमि को तत्काल मुक्त कराया जा सके। प्रशासन की सख्ती देखते ही कब्जाधारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसडीएम राजीव समाधियां ने स्पष्ट किया कि गोचर भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भूमि पशुओं के चरने के लिए सुरक्षित है और इसे अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगे भी ऐसे मामलों में लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मुक्त कराई गई भूमि की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है। प्रशासन अब भूमि का सीमांकन कराकर उसे पुनः शासकीय रिकॉर्ड में सुरक्षित दर्ज करेगा, ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों पर अंकुश लगेगा। वहीं, प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
क्या कहते अधिकारी
बामरोल गांव में सैकड़ों बीघा गोचर जमीन पर एक दर्जन लोगों ने फसल की थी जिस फसल को प्रशासन की देख रेख में मजदूरों से कटवाया जा रहा हे फसल कटने के बाद उसे विक्रय किया जाएगा जिसकी राशि शासकीय खजाने में जमा कराने की कार्यवाही की जाएगी वहीं माफियाओं पर भी आगे कानूनी कार्यवाही की जाएगी और अन्य शासकीय भूमियों को भी अतिक्रमण से मुक्त की कार्यवाही जारी रहेगी
राजीव समाधियां SDM
