ग्वालियर
कार्यकर्ताओं को मिला संगठनात्मक मार्गदर्शन
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने किया शुभारंभ, योजनाओं व बूथ प्रबंधन पर हुआ मंथन
ग्वालियर। संत रविदास मंडल, भारतीय जनता पार्टी, ग्वालियर महानगर द्वारा प्रशिक्षण महाभियान कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला उपाध्यक्ष विनय जैन ने रखते हुए कार्यशाला के उद्देश्य एवं संगठनात्मक महत्व पर प्रकाश डाला। मंडल अध्यक्ष लवी प्रकाश खंडेलवाल ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। अतिथियों का स्वागत कार्यशाला सह संयोजक जितेंद्र धाकड़ एवं नरेश देव द्वारा किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। प्रमुख रूप से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, बूथ प्रबंधन एवं कार्य पद्धति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने एवं प्रभावी कार्यशैली अपनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् से हुई तथा समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। अंत में संयोजक घनश्याम सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री सुनील शर्मा एवं आशुतोष सोदिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
