ग्वालियर-गुना-चंबल व पूर्वोत्तर की रेल कनेक्टिविटी को मिलेगा बल: सिंधिया–वैष्णव बैठक में अहम चर्चा

शिवपुरी

शिवपुरी

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मध्य प्रदेश के ग्वालियर, गुना और चंबल अंचल की रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में इन क्षेत्रों को देश के विभिन्न हिस्सों से सीधे जोड़ने और पूर्वोत्तर राज्यों में रेल सेवाओं के विस्तार से संबंधित परियोजनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान चंबल क्षेत्र में प्रमुख ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, नई ट्रेनों के संचालन, नई रेल लाइनों के निर्माण तथा लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। सिंधिया ने जोर देते हुए कहा कि मजबूत रेल संपर्क से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी को लेकर भी बैठक में अहम मंथन हुआ। दुर्गम इलाकों में बेहतर रेल संपर्क, आधारभूत संरचना के विस्तार और सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस किया गया। सिंधिया ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत को सशक्त रेल नेटवर्क से जोड़ना राष्ट्रीय एकात्मता और संतुलित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समग्र शासन दृष्टिकोण के साथ देश के हर क्षेत्र को आधुनिक अवसंरचना से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में मजबूत रेल कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण भूमिका है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *