राहुल गांधी सुबह लखनऊ पहुंचे फिर सुल्तानपुर के लिए हुए रवाना, शाह मानहानि मामले में आज कोर्ट में है पेशी

देश विदेश

लखनऊ

राहुल गांधी शुक्रवार सुबह दिल्ली से लखनऊ पहुंचे और फिर सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। वे सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया ने उनसे बातचीत की कोशिश की, लेकिन राहुल गांधी हाथ हिलाते हुए सीधे वाहन में बैठकर सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।
राहुल गांधी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में पेशी के लिए सुल्तानपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश होंगे। यह मामला वर्ष 2018 का है, जब कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने एक जनसभा में भाजपा और उसके तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को लेकर कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की थी। राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहा था, कि जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपी है। इस बयान को लेकर भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया था।
इसी बयान के विरोध में सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई सुल्तानपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में चल रही है। अदालत ने 19 जनवरी को राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया था। कोर्ट ने उनके अधिवक्ता काशी शुक्ला को चेतावनी देते हुए कहा था कि यह अंतिम अवसर है, इसके बाद अनुपस्थिति की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सुल्तानपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राहुल गांधी की पेशी को देखते हुए सुल्तानपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने कोतवाली नगर पुलिस बल के साथ कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया। राहुल गांधी के सुल्तानपुर पहुंचने से पहले एमपी/एमएलए कोर्ट के बाहर उनके समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ ‘सत्यमेव जयते’ लिखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *