भोपाल में फिल्म निर्माता प्रकाश झा के फार्म हाउस और अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने दिनभर चलाए ऑपरेशन में करीब 23 एकड़ अवैध निर्माणों को हटाया

राज्य

भोपाल

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन ने केरवा डैम लो डेंसिटी एरिया में अवैध निर्माण पर कार्रवाई की। कार्रवाई में फिल्म निर्माता प्रकाश झा के फार्म हाउस और एक अवैध कॉलोनी शामिल थी। प्रशासन ने दिनभर चलाए गए ऑपरेशन में करीब 23 एकड़ में हो रहे अवैध निर्माणों को हटाया।
सबसे पहले कार्रवाई बरखेड़ी बाजयाफ्त की पंचायत कुशालपुरा में हुई, जहां पहले फिल्म सिटी बनाने की योजना थी। इसके लिए प्रकाश झा ने करीब 20 एकड़ जमीन खरीदी थी।
फिल्म सिटी परियोजना स्थगित होने के बाद यहां टीएंडसीपी से अनुमति लेकर एक-एक एकड़ के 13 फार्म हाउस बनाए जा रहे थे। प्रत्येक फार्म हाउस की कीमत 8–9 करोड़ रुपए बताई जा रही है। दूसरी कार्रवाई पंचायत भानपुर केकड़िया में डेवलप हो रही 3 एकड़ की अवैध कॉलोनी पर हुई। प्रशासन ने वहां बनी बाउंड्रीवॉल तोड़ी और जेसीबी की मदद से अवैध बनाई गई सीमेंट सड़क उखाड़ दी। प्रशासन का कहना है कि इस कॉलोनी को बिना अनुमति विकसित किया जा रहा था, और इसकी बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है।
इस कार्रवाई का कारण सरकारी सड़क पर कब्जा और अवैध अतिक्रमण था। लोक निर्माण विभाग ने पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि फार्म हाउस और कॉलोनी ने सड़क चौड़ीकरण में बाधा डाली। केरवा डैम के कैचमेंट एरिया में होने के कारण इस निर्माण को लेकर एनजीटी में भी शिकायत की गई थी। वहीं, फार्म हाउस प्रोजेक्ट को ‘व्हिस्परिंग फार्म-2’ के नाम से निवेशकों को बेचा जा रहा था। इसके अलावा ‘व्हिस्परिंग फार्म-1’ केरवा जाने वाले रोड पर स्थित है, जहां ज्यादातर आईएएस अधिकारियों के घर बने हैं। टीएंडसीपी ने इसे कृषि फार्म के नाम पर अनुमति दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *