नेपाल में आरएसपी अध्यक्ष बालेंद्र शाह को पीएम मोदी ने जीत की दी बधाई

देश विदेश

नई दिल्ली

कहा- पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और खुशहाली के लिए मिलकर काम भारत की प्रतिबद्धता
पीएम नरेन्द्र मोदी ने नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के नेताओं रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह से फोन पर बात की और उन्हें चुनाव में जीत की बधाई दी। उन्होंने दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति और खुशहाली के लिए उनके साथ मिलकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि संयुक्त प्रयासों से भारत-नेपाल संबंध आने वाले सालों में नई ऊंचाइयों को छुएंगे। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह के साथ फोन पर सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने दोनों नेताओं को उनकी चुनावी जीत और नेपाल चुनाव में आरएसपी की शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने उनकी आगामी नई सरकार के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और दोनों देशों की पारस्परिक समृद्धि, प्रगति एवं कल्याण के लिए उनके साथ काम करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीट हैं। इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के जरिए चुने जाते हैं, जबकि 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के जरिए चुने जाते हैं।
बता दें आनुपातिक मतदान के तहत, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) को 40,49,604 वोट मिले। इसके बाद एनसी को 13,60,281, सीपीएन-यूएमएल को 11,50,679, एनसीपी को 5,91,940, श्रम संस्कृति पार्टी को 2,91,965, जनता समाजवादी पार्टी को 1,16,463 और राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी को 2,76,931 वोट मिले। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत 40 लाख से ज्यादा मतों के साथ आरएसपी को कम से कम 40 अतिरिक्त सीट मिलने की उम्मीद है, जिससे 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में उसकी सीट संख्या करीब 164 हो जाएगी, जो साधारण बहुमत के लिए जरुरी 138 सीट से कहीं ज्यादा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *