ग्वालियर
स्वच्छता, सड़कों, मल्टीलेवल पार्किंग, बस स्टैंड व आउटसोर्सिंग श्रमिकों से जुड़े प्रस्तावों पर लिए गए निर्णय
नगर निगम ग्वालियर की मेयर इन काउंसिल की बैठक महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार की अध्यक्षता में बाल भवन स्थित टीएलसी में आयोजित हुई, जिसमें शहर विकास एवं व्यवस्थाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में स्वच्छता प्रबंधन, जनकार्य, विद्युत, पार्क एवं अन्य विभागों से संबंधित कार्यों के साथ वीआईपी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए वाहन किराये पर लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही नगर निगम में आउटसोर्सिंग के तहत 1700 सफाई श्रमिक उपलब्ध कराने के लिए नई निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव को अनुशंसा सहित परिषद को भेजा गया।
मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के अंतर्गत कार्यों की वित्तीय स्वीकृति, झांसी रोड व अंतर्राज्यीय बस स्टैंड पर अनुरक्षण शुल्क वसूली के लिए ऑफर बुलाने तथा निर्माण सामग्री (रेता, गिट्टी, पत्थर आदि) के ठेके के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
सिटी सेंटर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के ए एवं बी ब्लॉक के संचालन व व्यावसायिक उपयोग के लिए ई-निविदा आमंत्रण प्रस्ताव को परिषद की ओर अग्रेषित किया गया। इसके अलावा बेम्बू रेस्टोरेंट के लाइसेंस शुल्क में आंशिक संशोधन, ग्वाला नगर में श्वान आश्रय स्थल हेतु भूमि उपयोग परिवर्तन तथा द्वारिका नगरी योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण को स्वीकृति दी गई।
बैठक में 100 टीपीडी क्षमता के सीएंडडी वेस्ट प्लांट की स्थापना, महंगाई भत्ते एवं पेंशनर्स को महंगाई राहत बढ़ाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। वहीं सहायक यंत्री विद्युत अभिलाषा बघेल को निलंबित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्यगण, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
